लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 30 घंटे से अधिक समय से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगह सड़क का पानी घरों और मोहल्लों तक पहुंच गया है। बारिश के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
लगातार खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने पहले कक्षा 12 तक के स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया। इसके करीब तीन घंटे बाद रात 10 बजे विश्वविद्यालयों समेत सभी शिक्षण संस्थानों को भी बंद रखने का आदेश जारी कर दिया गया।
अलीगंज में पेड़ गिरने से दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त
भारी बारिश के बीच अलीगंज इलाके में सड़क किनारे लगा पाकड़ का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दो गाड़ियां दब गईं। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लगातार बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। शाम के समय हजरतगंज और कानपुर रोड पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिली। हालांकि, रात करीब 8 बजे के बाद यातायात सामान्य होने लगा।
12 घंटे में 86.6 मिमी बारिश दर्ज
लखनऊ के अमौसी मौसम केंद्र पर शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 86.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते दिनभर मौसम में ठंडक बनी रही।
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 9.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सितंबर का दूसरा सबसे ठंडा दिन
23.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ शुक्रवार लखनऊ के इतिहास में सितंबर का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। इससे कम अधिकतम तापमान 25 सितंबर 2007 को दर्ज किया गया था, जब तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
वहीं, 19 सितंबर 2019 को 24.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था, जो पहले सितंबर का दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान था। शुक्रवार के तापमान के बाद यह रिकॉर्ड अब तीसरे स्थान पर चला गया है।
लखनऊ एयरपोर्ट ने जारी की यात्रियों के लिए एडवाइजरी
लगातार बारिश और आने वाले दिनों में भी खराब मौसम की संभावना को देखते हुए चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सामान्य से अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, क्योंकि शहर में बारिश के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
एयरपोर्ट की ओर से बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। पिछले दो दिनों से लखनऊ समेत पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वांचल में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई है।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (LIAL) की टीम मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा और एयरपोर्ट संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
लगातार बारिश से शहर के कई मोहल्लों, पार्कों और सड़कों पर पानी भर गया है। कुछ इलाकों में लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में अचानक आई ठंडक के कारण लोगों को सितंबर के आखिरी सप्ताह में ही सर्दी जैसा एहसास होने लगा है।
आने वाले घंटों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है।




