जोधपुर। वायुसेना के युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के बीच 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम ‘सूर्य किरण’ अपने नौ हॉक विमानों के साथ आसमान में हैरतअंगेज करतब और अलग-अलग फॉर्मेशन का प्रदर्शन करेगी। सूर्य किरण के साथ तेजस और सुखोई लड़ाकू विमान भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
वायुसेना दिवस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। एयर शो देखने के लिए एनसीसी कैडेट्स और विशेष विद्यालयों के बच्चों को भी आमंत्रित किए जाने की संभावना है। सूर्य किरण का प्रदर्शन करीब 25 से 30 मिनट तक चलेगा और इस दौरान दर्शकों को विमानों के करतब की जानकारी कमेंट्री के जरिए दी जाएगी।
‘पावर ऑफ पार्टनरशिप’ दिखा रहा तरंग शक्ति
जोधपुर में चल रहे ‘तरंग शक्ति’ युद्धाभ्यास में भारत समेत कई देशों के लड़ाकू विमान पश्चिमी सीमा के आसमान में लगातार अभ्यास कर रहे हैं। अलग-अलग देशों के वायु सैनिकों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय इस अभ्यास की खासियत है। भारतीय वायुसेना ने इसे ‘पावर ऑफ पार्टनरशिप’ नाम दिया है।
अभ्यास के दौरान विभिन्न देशों के विमान एक साथ उड़ान भरने के अलावा हवा में ही ईंधन भरने जैसी जटिल प्रक्रियाओं का भी अभ्यास कर रहे हैं। इसके कई वीडियो भी सामने आए हैं। इससे अलग-अलग देशों की वायु सेनाओं के बीच आपसी समन्वय और संचालन क्षमता को बढ़ाने में मदद मिल रही है।
26 सितंबर से शुरू हुआ यह युद्धाभ्यास 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें भारत समेत आठ देशों की सेनाएं अपने लड़ाकू विमानों और अन्य सैन्य संसाधनों के साथ हिस्सा ले रही हैं, जबकि 32 देश पर्यवेक्षक के तौर पर अभ्यास में शामिल हैं।
1996 में हुआ था सूर्य किरण टीम का गठन
भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (SKAT) का गठन वर्ष 1996 में हुआ था। यह दुनिया की चुनिंदा नौ-विमान एरोबेटिक टीमों में शामिल है और एशिया की एकमात्र नौ-विमान एरोबेटिक टीम मानी जाती है। टीम देश के विभिन्न हिस्सों में एयर शो के अलावा विदेशों में आयोजित एयर शो में भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर चुकी है।
सूर्य किरण में शामिल पायलट बेहद अनुभवी होते हैं। हॉक विमानों के अलावा वायुसेना की हेलीकॉप्टर एरोबेटिक टीम ‘सारंग’ भी अपनी खास प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती है। दोनों टीमों का जोधपुर में पहले भी प्रदर्शन हो चुका है। इस बार वायुसेना दिवस पर सूर्य किरण, तेजस और सुखोई के प्रदर्शन से जोधपुर का आसमान रोमांच से भरने की उम्मीद है।




