बरेली में सीएम योगी की घोषणा, ग्राम प्रहरी और उनके परिवार को सालाना ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा; उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया। इसके साथ ही ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा देने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका है। वे अपने क्षेत्र में रहकर गतिविधियों की जानकारी जुटाते हैं और पुलिस तक पहुंचाते हैं। उन्होंने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को गांवों में सीसीटीवी कैमरे की तरह बताते हुए कहा कि समय पर मिली सूचना से सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकता है।
2019 में भी बढ़ाया गया था मानदेय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले ग्राम प्रहरियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था। उनकी सरकार ने वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 2,500 रुपये किया था। अब इसे बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के साथ होमगार्ड, पीआरडी कर्मियों और ग्राम प्रहरियों की भूमिका को भी मजबूत किया जाना चाहिए।
सीएम ने ग्राम प्रहरियों से अपील की कि वे गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित थानाध्यक्ष या पुलिस अधिकारी को दें। इससे स्थानीय स्तर पर अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और अव्यवस्था के कारण आम लोगों, व्यापारियों और युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब कानून का डर अपराधियों में दिखाई देता है और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना पा रहे हैं।
योगी ने कहा कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से प्रदेश की छवि में बदलाव आया है। सड़कों के निर्माण, निवेश और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी के लिए सुरक्षित माहौल को जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार का लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है।
महिला सुरक्षा पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में लोगों की बढ़ती भागीदारी इस भरोसे को दर्शाती है कि वे सुरक्षित माहौल में बाहर निकल सकते हैं। उन्होंने इस व्यवस्था को पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
पुलिस लाइन में हुआ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह करीब 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई और उत्कृष्ट काम करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन मंत्री अरुण कुमार, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डीजीपी ने भी सुरक्षा व्यवस्था में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना की।




