लखनऊ। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल का जन्मदिन विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर शहर में कई स्थानों पर केक कटिंग, शुभकामना कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन हुआ। समर्थकों, शुभचिंतकों और शहरवासियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
जन्मदिन के दिन सुषमा खर्कवाल ने सबसे पहले लखनऊ के प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कैंप कार्यालय में हुआ सुंदरकांड पाठ और विशेष पूजा
हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद कैंप कार्यालय में सुंदरकांड पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। महापौर ने विधि-विधान से पूजा कर प्रभु श्रीराम और मारुति नंदन के चरणों में नमन किया।
अपने संदेश में सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर कैंप कार्यालय में मिले लोगों के स्नेह, आत्मीयता, आशीर्वाद और शुभकामनाओं ने इस दिन को उनके लिए बेहद खास बना दिया।
उन्होंने शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने लखनऊ की सेवा और जनहित के कार्यों के लिए निरंतर समर्पित रहने की बात भी कही।

कई स्थानों पर हुई केक कटिंग
महापौर के जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। समर्थकों और शुभचिंतकों ने विभिन्न स्थानों पर केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इन आयोजनों में लोगों ने बुके भेंट कर महापौर का स्वागत किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
चौक में हुआ भंडारा
जन्मदिन के अवसर पर चौक क्षेत्र में भी भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय लोगों और समर्थकों ने हिस्सा लिया। लोगों को प्रसाद वितरित किया गया और महापौर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
जन्मदिन से जुड़े आयोजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने अपनी ओर से कार्यक्रम आयोजित कर महापौर के प्रति शुभकामनाएं और स्नेह व्यक्त किया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बनाए हाथों से कार्ड
महापौर के जन्मदिन पर चिल्ड्रन्स पैलेस म्युनिसिपल नर्सरी स्कूल, लखनऊ के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी खास अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने अपने हाथों से सुंदर कार्ड बनाकर महापौर को भेंट किए।
बच्चों के इस स्नेह और अपनत्व ने जन्मदिन की खुशियों में एक भावनात्मक रंग जोड़ दिया। सुषमा खर्कवाल ने बच्चों द्वारा बनाए गए कार्डों को अपने लिए अनमोल स्मृति बताया और उन्हें प्यार एवं आशीर्वाद दिया।
उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें सदैव खुश रखे और जीवन में खूब आगे बढ़ाए।




