लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि एक युवा को मिलने वाला नियुक्ति पत्र केवल उसके लिए नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए खुशी का अवसर है।
‘हर घर नल’ योजना का जिक्र, प्लंबर तैयार करने की बात
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि हर घर नल योजना और जल जीवन मिशन से गांवों में शुद्ध पेयजल की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं को प्लंबर का प्रशिक्षण दिया जा सकता है, ताकि पाइप या नल खराब होने पर तत्काल मरम्मत हो सके।
इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि यदि कोई नल की टोटी चोरी कर ले जाए तो उसकी मरम्मत कौन करेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित प्लंबर होने से ऐसी समस्याओं का समाधान जल्दी किया जा सकेगा।
हर सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष की ओर से नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार नियुक्तियां कर रही है और हर सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सितंबर में यह उनका चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
2017 से पहले की सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और कई जिलों में माफिया का प्रभाव था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में राशन और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को अब कर्फ्यू, दंगे और अराजकता से मुक्त रखने की दिशा में काम किया जा रहा है।
‘गिरगिट’ वाले बयान से विपक्ष पर निशाना
योगी ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग नए नारों और नए रूप के साथ जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है और प्रदेश को दोबारा अराजकता की ओर ले जाने के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।




