उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 24 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से 24 से 27 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, मिर्जापुर और चंदौली समेत करीब 20 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, लगभग 25 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
बारिश और बादलों के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है।

25 और 26 सितंबर को पूर्वी यूपी में तेज बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
24 सितंबर की सुबह 8:30 बजे से 25 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और अंबेडकरनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज झोंकेदार हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर समेत आसपास के इलाकों में हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। झोंकों के दौरान यह गति 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में आकाशीय बिजली का खतरा
बारिश के साथ कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।




