शुक्रवार को कमजोर पड़ेगा बारिश का दौर, शनिवार को गरज-चमक के साथ बरस सकते हैं बादल; कई जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद मौसम में ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, लेकिन शनिवार को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में मौसम फिर बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
तराई के जिलों में जमकर बरसे बादल
बृहस्पतिवार को तराई और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा 92.8 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, अयोध्या में 71, श्रावस्ती में 65.8, रामपुर में 58.4 और शाहजहांपुर में 25 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
शनिवार को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को बारिश की तीव्रता कम रह सकती है, हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। बारिश का दौर थमने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
अंबेडकरनगर में सुबह छाया हल्का कोहरा
अंबेडकरनगर जिले में शुक्रवार सुबह मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिला। टांडा, जलालपुर और अकबरपुर सहित कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह के समय ठंडी हवा और कम दृश्यता के कारण लोगों को हल्की ठंड महसूस हुई।
बदले मौसम का असर सुबह घरों से निकलने वाले लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई दिया। फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।




