12 हजार शिक्षकों को जुटाने का लक्ष्य, महंत दिग्विजयनाथ पार्क में होगा कार्यक्रम; मंगलवार को बरेली में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में करेंगे जनसभा
शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर में जनसभा के जरिए चुनावी अभियान को धार देंगे। महंत दिग्विजयनाथ पार्क में प्रस्तावित कार्यक्रम में करीब 12 हजार शिक्षकों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सभा में शिक्षक मतदाताओं के साथ शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय कर रहे हैं। उन्होंने रविवार को सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पार्टी पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। विनोद राय के मुताबिक, मुख्यमंत्री की शिक्षकों के साथ होने वाली यह सभा शिक्षक समाज से सीधे संवाद का अवसर है। वहीं, गोरखपुर महानगर के प्रभारी महेश शुक्ला ने भी पदाधिकारियों को चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को बरेली में भी चुनावी सभा
गोरखपुर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली पहुंचेंगे। अपने करीब साढ़े तीन घंटे के दौरे में वह बरेली और मुरादाबाद मंडल के ग्राम प्रहरियों से संवाद करने के साथ उनका सम्मान करेंगे। इसके बाद बरेली क्लब मैदान में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सीट से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह को लेकर भी उत्साह है। उनके मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पांच हजार ग्राम प्रहरी होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुबह 11:40 बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से आने वाले करीब पांच हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान उनके कामकाज और समस्याओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां उनका समय दोपहर 1:50 बजे तक आरक्षित रहेगा। दोपहर दो बजे वह बरेली क्लब मैदान में आयोजित जनसभा में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में संबोधन देंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर 3:10 बजे पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ रवाना होंगे।
सड़कों और आयोजन स्थल पर तेज हुई तैयारी
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने उनके आवागमन वाले मार्गों को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया है। सड़कों के गड्ढे भरने, डिवाइडरों की रंगाई-पुताई, गमले लगाने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पौधरोपण सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि दौरे से पहले तैयारियां पूरी की जा सकें।




