लाल बिहारी यादव को फिर टिकट, शिक्षक-स्नातक सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान; अखिलेश ने OPS बहाली समेत कई वादे किए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी की बैठक के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की। इनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
लाल बिहारी यादव को फिर मौका
अखिलेश यादव ने मिर्जापुर-वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी लाल बिहारी यादव को दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने लाल बिहारी यादव की तारीफ भी की।
पार्टी की ओर से घोषित अन्य उम्मीदवारों में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से सुशील कुमार (लखनऊ), प्रकाश चंद्र गुप्ता (आगरा) और कमलेश यादव (गोरखपुर-फैजाबाद) शामिल हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सपा ने दानिश अख्तर (मुरादाबाद), कांति सिंह (लखनऊ), डॉ. नितिन तोमर (मेरठ), आशुतोष सिन्हा (वाराणसी), मान सिंह यादव (इलाहाबाद-झांसी), शशांक यादव (आगरा) और डॉ. परमिंदर भाटी (मेरठ) को प्रत्याशी बनाया है।
पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसे लागू करने से संबंधित वित्तीय व्यवस्था का विस्तृत खाका पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में रखा जाएगा।
उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सम्मानजनक मानदेय की व्यवस्था करने और शिक्षा मित्रों को फिर से शिक्षक बनने का अवसर देने की बात भी कही। डिग्री कॉलेजों में सेमेस्टर व्यवस्था को समाप्त करने का भी वादा किया।
29 सितंबर को जारी होगी चुनाव अधिसूचना
उत्तर प्रदेश की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 विधान परिषद सीटों के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि उम्मीदवारों के नाम सामने आने पर लोग आश्चर्यचकित रह जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नवरात्र के दौरान अपने आधिकारिक चुनावी कार्यक्रमों की घोषणा करेगी।




