गोरखपुर: चिलुआताल थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता 15 वर्षीय छात्र का शव मंगलवार को चिलुआताल में उतराता मिला। छात्र इसी सत्र में हाईस्कूल पास कर चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था छात्र
परिजनों के मुताबिक, छात्र प्रिंस 23 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता स्थित मोमेंटम इंस्टीट्यूट जाने के लिए घर से निकला था। उस दिन उसकी परीक्षा भी थी, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटा।
परिजनों ने कोचिंग संस्थान से संपर्क किया तो पता चला कि प्रिंस उस दिन वहां पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद उसके पिता ने चिलुआताल थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज में मिली
पुलिस ने छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच शुरू की। जांच में मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज क्षेत्र में मिली, जिसके बाद फोन बंद हो गया। पुलिस और परिजनों ने कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
पांच दिन बाद तालाब में मिला शव
मंगलवार को चिलुआताल में ग्रामीणों ने पानी में एक शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी और थाना पुलिस ने शव को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। छात्र के पिता नंदकिशोर ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपने बेटे प्रिंस के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा भी किया।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
छात्र के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा एक लड़की से बातचीत करता था और उन्हें आशंका है कि इसी वजह से उसकी हत्या कर शव को चिलुआताल में फेंका गया। पुलिस ने इस दावे को जांच के दायरे में लेते हुए लड़की, उसके भाई और माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लड़की के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
चिलुआताल थाना प्रभारी के अनुसार, कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले में प्रेम प्रसंग के एंगल की भी जांच हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




