ऑनलाइन डीपीसी के जरिए पूरी हुई प्रक्रिया, जल्द जारी होंगे तैनाती के आदेश; राजस्व कार्यों में तेजी आने की उम्मीद
उत्तर प्रदेश में दिवाली से पहले 455 लेखपालों को पदोन्नति का लाभ मिला है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर राजस्व परिषद ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी कर इन कर्मचारियों को राजस्व निरीक्षक यानी कानूनगो के पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नत कर्मचारियों की तैनाती के आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।
ऑनलाइन प्रक्रिया से हुआ चयन
राजस्व परिषद बोर्ड के चेयरमैन बीएल मीणा के मुताबिक, पदोन्नति की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की गई। इसमें कर्मचारियों की निर्धारित पात्रता, सेवा अभिलेखों और अन्य जरूरी मानकों की जांच की गई। परीक्षण के बाद 455 लेखपालों को पदोन्नति के योग्य पाया गया।
राजस्व कार्यों को मिलेगी गति
इस पदोन्नति से राजस्व निरीक्षक संवर्ग में रिक्त पदों को भरने में मदद मिलेगी। साथ ही तहसील और क्षेत्रीय स्तर पर राजस्व कार्यों की निगरानी और पर्यवेक्षण मजबूत होने की उम्मीद है। भूमि की पैमाइश, राजस्व अभिलेखों के रखरखाव और भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में भी तेजी आ सकती है।
पारदर्शिता पर जोर
राजस्व परिषद के अनुसार, ऑनलाइन डीपीसी से पदोन्नति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रशासनिक कामकाज में तकनीक के इस्तेमाल और राजस्व मामलों के त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण पर जोर देते रहे हैं। इसी दिशा में ऑनलाइन प्रक्रिया को अहम कदम माना जा रहा है।




