नई दिल्ली। दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए पूर्व मध्य रेल की ओर से 12 जोड़ी यानी 24 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है। इन ट्रेनों से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और दक्षिण भारत से उत्तर प्रदेश व बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी।
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के मुताबिक, त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अलग-अलग शहरों से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
चंडीगढ़-पटना स्पेशल
04512/04511 चंडीगढ़-पटना-चंडीगढ़ स्पेशल 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक हर गुरुवार और वापसी में 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार चलेगी। चंडीगढ़ से चलकर यह ट्रेन वाराणसी, डीडीयू, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए पटना पहुंचेगी।
फिरोजपुर-पटना स्पेशल
04616/04615 फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और वापसी में 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। ट्रेन वाराणसी, डीडीयू, बक्सर, आरा और दानापुर के रास्ते पटना पहुंचेगी।
आनंद विहार-पाटलिपुत्र रोजाना स्पेशल
04096/04095 आनंद विहार-पाटलिपुत्र स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक रोजाना चलेगी। वापसी सेवा 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। ट्रेन वाराणसी, बलिया और छपरा होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी।
दक्षिण भारत से पटना और बरौनी के लिए भी ट्रेनें
06085/06086 एरणाकुलम-पटना स्पेशल 2 से 30 अक्टूबर तक शुक्रवार को चलेगी, जबकि वापसी में यह 6 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मंगलवार को संचालित होगी। वहीं 06021/06022 पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल 4 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और वापसी में 7 अक्टूबर से 4 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी।
दिल्ली से जोगबनी और सीतामढ़ी के लिए विशेष ट्रेन
04008/04007 आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक शनिवार और वापसी में 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक रविवार चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, हाजीपुर, बरौनी, कटिहार और पूर्णिया के रास्ते जोगबनी पहुंचेगी।
वहीं 04010/04009 दिल्ली-सीतामढ़ी स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और वापसी में 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार चलेगी। इसका रूट गोरखपुर, बगहा, नरकटियागंज और रक्सौल होकर होगा।
मुजफ्फरपुर और ऋषिकेश के बीच भी सेवा
04028/04027 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। वापसी में यह 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक बुधवार और शनिवार को संचालित होगी।
04314/04313 योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और वापसी में 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार चलेगी।
दिल्ली-सुपौल और दरभंगा के लिए भी ट्रेनें
04072/04071 नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल 1 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। वापसी सेवा 3 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। ट्रेन प्रयागराज, वाराणसी, हाजीपुर, बरौनी और सहरसा के रास्ते चलेगी।
इसी तरह 04098/04097 शकूरबस्ती-दरभंगा स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक सप्ताह में छह दिन और वापसी में 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक सप्ताह में छह दिन चलेगी।
दिल्ली-कामाख्या स्पेशल भी शामिल
04076/04075 दिल्ली-कामाख्या स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और वापसी में 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार चलेगी। यह ट्रेन डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार के रास्ते कामाख्या पहुंचेगी।
रेलवे के मुताबिक, इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने और अतिरिक्त यात्रियों को रेल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक व्यवस्था से जांचने की सलाह दी गई है।




