मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने किसान प्रवीण उर्फ परविन्द्र की हत्या का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी, प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने प्रेम संबंध में बाधक बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद जमीन बेचकर आरोपियों को 10 लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, 27 सितंबर को रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव के जंगल में प्रवीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे के लिए रतनपुरी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था।
पत्नी, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी विकास, विकास के साथी राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि रेखा और विकास के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, पति को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध करता था।
नए मोबाइल से पति को जंगल में बुलाया
पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए राजा उर्फ काला ने नया मोबाइल फोन और सिम खरीदा था। इसी फोन से प्रवीण को कॉल कर अंबरपुर के जंगल में बुलाया गया। वहां पहले से विकास और उसके साथी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, मौके पर प्रवीण को दो गोलियां मारी गईं और इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
जमीन बेचकर रकम देने का हुआ था सौदा
जांच में पुलिस को पता चला कि रेखा ने पति की हत्या के बाद जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने का वादा किया था। पुलिस के अनुसार, विकास ने इस योजना की जानकारी अपने साथियों राजा और कल्याण सिंह को दी और उन्हें भी साजिश में शामिल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद रकम में से तीन लाख रुपये राजा उर्फ काला और तीन लाख रुपये कल्याण सिंह को देने की बात तय हुई थी। वहीं राजा का प्रवीण पर करीब डेढ़ लाख रुपये का लेनदेन भी था।
2019 से प्रेम संबंध होने का दावा
एसएसपी के अनुसार, प्रवीण की शादी वर्ष 2006 में रेखा से हुई थी। वह ठेकेदारी का काम भी करता था और विकास उसका परिचित था। घर आने-जाने के दौरान रेखा और विकास के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2019 में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
पुलिस का कहना है कि रेखा अपने पति से अलग होकर विकास के साथ रहना चाहती थी। प्रवीण को दोनों के संबंधों की जानकारी होने के बाद वह इसका विरोध करने लगा था। इसको लेकर दंपती के बीच विवाद भी होता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते रेखा ने विकास के साथ मिलकर प्रवीण की हत्या की साजिश रची और विकास ने अपने दो साथियों को इसमें शामिल कर लिया।




