पिक्चर पैलेस चौक पर विवाद के बाद मचा हंगामा, पुलिस ने दो युवतियों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
पहाड़ों की रानी मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर देर रात दो पक्षों के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों की युवतियों और महिलाओं के बीच जूते-चप्पल चलने लगे। सड़क पर हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची मसूरी पुलिस ने दो युवतियों को हिरासत में लिया और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
मीडिया कर्मियों से भी अभद्रता का आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटनास्थल पर कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों के साथ भी कुछ महिलाओं द्वारा अभद्रता किए जाने का आरोप है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के दौरान काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल विवाद की असली वजह और मारपीट की शुरुआत किस ओर से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
मसूरी में शरदोत्सव के चलते इन दिनों पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। ऐसे में शहर के प्रमुख चौक पर हुई इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।




