हजरतगंज कोतवाली में होगी पूछताछ, नागपुर कोर्ट ने दी 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड
शिवा शर्मा हत्याकांड में नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को यूपी एसटीएफ और लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीम हजरतगंज कोतवाली लेकर पहुंची है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों और शिवा की मौत से जुड़े तथ्यों का पता लगाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी शिवा की मौत
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद शिवा की मां रंजना शर्मा ने हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है।
लगातार बदलती रही लोकेशन
जांच के दौरान श्रद्धा दुबे के फरार होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, उसकी लोकेशन नेपाल में मिलने के बाद दिल्ली, रायबरेली और आगरा तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। आगरा में कुछ दिन रुकने के बाद वह लखनऊ आई और फिर नागपुर चली गई। 20 अक्टूबर को यूपी एसटीएफ ने नागपुर पुलिस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड
नागपुर की अदालत ने तीनों आरोपियों को 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी है। पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें लखनऊ कोर्ट में पेश करेगी। जांच एजेंसियां घटना वाले दिन की परिस्थितियों, शिवा की मौत से जुड़े घटनाक्रम और फरारी के दौरान आरोपियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। मामले में आगे की कार्रवाई पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।




