पुलिस लाइन मैदान में 500 ग्राम प्रहरियों का होगा सम्मान, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 13 अक्टूबर को बरेली में आयोजित ग्राम प्रहरी एवं शिक्षक सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वह ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकते हैं। कार्यक्रम पुलिस लाइन मैदान में प्रस्तावित है, जहां बरेली जोन के करीब 500 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
नौ जिलों की पुलिस संभालेगी सुरक्षा की कमान
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बरेली जोन के नौ जिलों से पुलिस बल बुलाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 क्षेत्राधिकारी और 50 निरीक्षक तैनात रहेंगे। इसके अलावा 180 उपनिरीक्षक, 1,500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तथा 200 महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 22 यातायात उपनिरीक्षक और 120 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा में पांच कंपनी पीएसी भी लगाई गई हैं। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधों के साथ यातायात संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने पूरी कीं तैयारियां
पुलिस लाइन मैदान में कार्यक्रम के लिए पंडाल तैयार कर लिया गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रभारी मंत्री भी पहुंचेंगे बरेली
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर के भी बरेली पहुंचने का कार्यक्रम है। वह सर्किट हाउस में स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के सम्मेलन में ग्राम प्रहरियों के सम्मान के साथ उनके मानदेय में प्रस्तावित बढ़ोतरी की घोषणा पर भी नजर रहेगी।




