नवरात्र, दशहरा और छठ को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट; प्रमुख देवी मंदिरों में 24 घंटे सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी के निर्देश
शारदीय नवरात्र, विजयादशमी और छठ पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार फील्ड में सक्रिय रहने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रमुख मंदिरों पर रहेगी कड़ी निगरानी
मुख्यमंत्री ने विंध्याचल धाम, देवीपाटन शक्तिपीठ, मां शाकुंभरी देवी, मां ललिता देवी शक्तिपीठ और नैमिषारण्य समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसरों में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रहे और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों।
महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
सीएम योगी ने मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाने को कहा। सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीट पुलिसकर्मी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। जोन और रेंज स्तर के अधिकारी नवरात्र से छठ तक नियमित भ्रमण और गश्त करें तथा स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखें।
जुलूस और विसर्जन मार्गों पर सुरक्षा के इंतजाम
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा पंडालों, शोभायात्राओं और प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विसर्जन मार्गों पर लटकते बिजली के तार ठीक कराने, मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और जरूरत के अनुसार नावों की व्यवस्था करने को कहा गया।
इसके अलावा विसर्जन स्थलों और मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस तथा अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीजे का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने और पीस कमेटियों की बैठकें समय से पूरी करने पर भी जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर
सीएम योगी ने कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। सोशल मीडिया की लगातार निगरानी हो और किसी भी भ्रामक या तनाव पैदा करने वाली गतिविधि पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं को 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब देने के निर्देश भी दिए गए।
जाम और जनसमस्याओं पर भी ध्यान
मुख्यमंत्री ने कस्बों और शहरों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा जाम की स्थिति से बचने को कहा। इसके साथ ही निर्विवाद राजस्व मामलों का अधिकतम 15 दिन में निस्तारण करने और किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कालाबाजारी रोकने और किसी भी सहकारी समिति में खाद की कमी न होने देने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा।




