आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र के गढ़ी धर्मजीत गांव में रविवार देर शाम मेड़ और पशुओं के खेत में जाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाइसेंसी हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 12 राउंड हुई फायरिंग में कक्षा 12 की 18 वर्षीय छात्रा की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, डीसीपी और एसीपी समेत कई थानों का पुलिस बल गांव में पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रमेश और पुरुषोत्तम समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
खेत में मिट्टी डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, गढ़ी धर्मजीत गांव में रविवार शाम पशुओं को लेने गई महिलाओं और खेत में काम कर रहे दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि रमेश चंद्र पक्ष के लोगों ने खेत से मिट्टी उठाकर मेड़ पर लगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और आरोपियों ने लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान 12वीं कक्षा की छात्रा बृजेश पुत्री राजेंद्र सिंह की गर्दन में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल बृजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फायरिंग में अजमेर सिंह, उनके बेटे जितेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह तथा भावना और मधु भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेड़ पर मिले गोलियों के निशान
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। करीब 12 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। मौके पर एक पेड़ पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
एक साल से चल रहा था खेत का विवाद
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल के मुताबिक, दोनों पक्ष एक-दूसरे से पहले से परिचित हैं और उनके घरों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी है। करीब एक वर्ष पहले भी अजमेर पक्ष और रमेश पक्ष के बीच खेत को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए थे। करीब पांच महीने पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, लेकिन रविवार को एक बार फिर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
बेटी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
मृतका बृजेश के पिता राजेंद्र सिंह दूध का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बृजेश सबसे छोटी बेटी थी और पढ़ाई में काफी होशियार थी। बेटी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि मेड़ और पशुओं के खेत में जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। फायरिंग में छात्रा की मौत हुई और अन्य लोग घायल हुए हैं। पीड़ित परिवार की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी रमेश और पुरुषोत्तम समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।




