लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे से अधिक समय से जारी भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि शहरों और कस्बों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में घरों और सरकारी भवनों में पानी घुस गया है। खेतों में पानी भरने और तेज हवाओं के कारण धान, बाजरा और मक्का समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। वहीं, कच्चे मकानों और पुरानी दीवारों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। बांदा और हमीरपुर में बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत की सूचना है।

बांदा में मकान गिरने से महिला की मौत
बांदा के चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेन्दा गांव में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे कच्चा मकान गिरने से 70 वर्षीय चुन्नी वर्मा की मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लगातार बारिश के चलते जिले में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
हमीरपुर में बारिश बनी आफत
हमीरपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कच्चे मकानों के गिरने के साथ खेतों में पानी भर गया है। बारिश के दौरान खेतों में जलभराव की स्थिति देखने के दौरान हृदयाघात से भी लोगों की मौत की सूचना है। नदियां और नाले उफान पर हैं और कई रपटों के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। इससे कुछ गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। बिजली और पेयजल संकट ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
कासगंज में धान की फसल को भारी नुकसान
कासगंज के सलेमपुर पिरौंदा समेत कई गांवों में लगातार बारिश और तेज हवाओं से पककर तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई। जलभराव के कारण फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द नहीं सुधरा तो बची हुई फसल भी बर्बाद हो सकती है।
एटा और कानपुर देहात में भी जलभराव
एटा में बारिश और तेज हवाओं से कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई पुरानी दीवारें और मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। अलीगंज क्षेत्र में दीवार गिरने से एक गाय की मौत हो गई, जबकि कई घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गए।
कानपुर देहात में बाजारों, थानों और कई सरकारी कार्यालयों तक पानी पहुंच गया। खेतों में धान, बाजरा और मक्का की फसलें गिरने से किसानों को नुकसान की आशंका है।
वाराणसी में स्टेशन के शेड से गिरा पानी
वाराणसी में लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ। वाराणसी रेलवे स्टेशन का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें प्लेटफॉर्म के शेड से पानी झरने की तरह गिरता दिखाई दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो साझा कर रेलवे व्यवस्था पर सवाल उठाए। रेलवे के डीआरएम कार्यालय की ओर से बताया गया कि अप्रत्याशित बारिश के कारण शेड पर पानी जमा हो गया था, जो अधिक मात्रा में होने पर नीचे बहने लगा। रेलवे के अनुसार कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई।
चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा
चित्रकूट में दो दिनों से जारी बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया। मंडलायुक्त अजीत कुमार और जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने रामघाट पहुंचकर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाट क्षेत्र की दुकानों को एहतियातन खाली कराया गया है। प्रशासन ने एसडीआरएफ, फ्लड यूनिट पीएसी और पुलिस बल को अलर्ट रखा है तथा रैन बसेरों को भी तैयार किया गया है।
उन्नाव में एक्सप्रेसवे की सड़क जलमग्न
उन्नाव में करीब 33 घंटे से जारी बारिश के कारण लखनऊ-कानपुर राजमार्ग से गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली एंट्री टोल गेट रोड पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है। एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे की सर्विस रोड भी जलमग्न हो गई।
गोरखपुर में 40 पेड़ ट्रैक पर गिरे, ट्रेनें प्रभावित
गोरखपुर में लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते रेलवे ट्रैक पर कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इससे रेल यातायात प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें देरी से चलीं। रेलवे के मुताबिक लखनऊ मंडल के लखनऊ-गोरखपुर और गोंडा-बहराइच रेलखंड पर करीब 40 पेड़ गिरने की सूचना है। रेलकर्मियों ने पेड़ हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश से राहत कार्य प्रभावित हुआ।
लखनऊ में डीएम ने लिया जायजा
राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। डीएम विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और पंप खराब होने या पानी निकासी में समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी एसडीएम और बीडीओ को जरूरत के मुताबिक टीम और पंप भेजने को कहा गया है।
औरैया में येलो अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील
औरैया में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, खेतों, जलाशयों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने तथा सुरक्षित पक्के भवन में रहने की सलाह दी गई है।




