लखनऊ में आज जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता, राजनीतिक प्रस्ताव में सरकार की उपलब्धियों और संगठन की तैयारियों पर रहेगा जोर; सीएम योगी करेंगे समापन सत्र को संबोधित
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के जरिए अपने चुनावी एजेंडे और संगठनात्मक रणनीति को धार देगी। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होने वाली इस बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संगठन के विभिन्न स्तरों के नेता शामिल होंगे।
तीन सत्रों में आयोजित होने वाली बैठक में संगठन की स्थिति, सरकार के कामकाज और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसके माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, सुशासन और विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा जाएगा। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर उन क्षेत्रों और बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई जाएगी, जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करनी है।
कमजोर बूथों पर विशेष फोकस
बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और संगठन को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों से कहा है कि जिन क्षेत्रों में संगठन कमजोर है, वहां विशेष ध्यान देकर काम किया जाए। पार्टी का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनाव के लिए स्पष्ट रणनीति तैयार करने का है।
कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारियों मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा तथा प्रदीप वर्मा ने आयोजन और एजेंडे पर चर्चा की। पंजीकरण, भोजन, यातायात और सभागार की व्यवस्था के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गईं।
अमित शाह और योगी समेत कई नेता होंगे शामिल
कार्यसमिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और अन्य पदाधिकारी भी बैठक को संबोधित करेंगे।
इसमें पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, 2024 के लोकसभा प्रत्याशी, विधायक, विधान परिषद सदस्य, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष और महामंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
क्यूआर कोड से होगा पंजीकरण
बैठक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए देर रात प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने लोहिया विधि विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सभागार, मंच, पंजीकरण स्थल और बैठक परिसर की तैयारियों का जायजा लिया। आयोजन में शामिल होने वाले पदाधिकारियों का पंजीकरण क्यूआर कोड के माध्यम से किया जाएगा।
करीब चार घंटे लखनऊ में रहेंगे अमित शाह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद अमित शाह लोहिया विधि विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह करीब तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले हो रही इस बैठक को भाजपा के संगठनात्मक आकलन, कार्यकर्ताओं को दिशा देने और आगामी चुनावी मुद्दों को तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




