फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोक संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से प्रभावित नजर आई। फिल्म के अभिनेता शोभिनव सत्या, अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी और प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने सोमवार को कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। टीम ने धाम में दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों की सराहना की।
आदि रंगोत्सव-2026 में भी शामिल हुई टीम
फिल्म टीम ने खटीमा में आयोजित आदि रंगोत्सव-2026 में भी हिस्सा लिया। इस दौरान कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति के विभिन्न रंगों को करीब से देखा। लोकनृत्य, ढोल-दमाऊं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों ने टीम को खासा प्रभावित किया।
टीम के सदस्यों ने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं में विशिष्ट आत्मीयता है। यहां की लोक विरासत को करीब से जानने और समझने का अवसर उनके लिए बेहद खास रहा।
कैंची धाम की व्यवस्थाओं की सराहना
कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन के बाद फिल्म टीम ने धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। टीम ने दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
अभिनेता शोभिनव सत्या, अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी और प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने कहा कि सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण उन्हें सहजता से बाबा नीम करौली के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
चारधाम समेत पर्यटन स्थलों पर आने की अपील
फिल्म टीम ने देशभर के लोगों से उत्तराखंड आने की अपील की। सदस्यों ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता के साथ यहां की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत देश-दुनिया के पर्यटकों को लगातार आकर्षित करती है।
उन्होंने लोगों से चारधाम यात्रा के साथ उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया। टीम ने कहा कि उत्तराखंड से मिला सम्मान, स्नेह और अपनत्व उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।
फिल्म टीम ने उत्तराखंड आने और अपने आत्मीय स्वागत-सम्मान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया।




