हापुड़ में विज्ञापन को लेकर हुआ था विवाद, आरोपी मिल मालिक का बेटा फरार; नवंबर में होनी थी मृतक की बेटी की शादी
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में विज्ञापन को लेकर हुए विवाद ने एक पत्रकार की जान ले ली। दैनिक समाचार पत्र से जुड़े पत्रकार नसीम अहमद की कथित तौर पर मारपीट के बाद मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आटा मिल मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मिल मालिक का बेटा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की है। ग्राम असौड़ा महल के पास रहने वाले डॉ. शाहरुख ने हापुड़ देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने फोन कर सूचना दी कि उनके ससुर नसीम अहमद के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है और उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली।
शिकायत के मुताबिक, नसीम अहमद कुछ अन्य लोगों के साथ विज्ञापन लेने के लिए आटा मिल पर गए थे। इसी दौरान विज्ञापन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इंद्रलोक कॉलोनी निवासी आटा मिल संचालक अशोक कुमार गुप्ता, उनके बेटे कपिल, सर्वोदय कॉलोनी निवासी नरेश और अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। नसीम अहमद ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल नसीम अहमद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।
आटा मिल मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार के अनुसार, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आटा मिल मालिक अशोक कुमार गुप्ता, कपिल अग्रवाल और नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में नामजद मिल मालिक का बेटा कपिल फरार बताया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पत्रकार आटा मिल पर विज्ञापन लेने गए थे। वहां मारपीट की घटना हुई, जिसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बेटी की शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नसीम अहमद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात उनका शव आवास विकास कॉलोनी स्थित घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी जायदा और बेटियों मंतशा व अदीबा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दुखद है, क्योंकि नसीम अहमद की छोटी बेटी मंतशा की शादी 14 नवंबर को होनी तय थी। शादी की तैयारियों के बीच परिवार में मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




