फ्लाईओवर पर पदयात्रियों को कैंटर ने मारी टक्कर, चालक-परिचालक हिरासत में; मेरठ के कुशावली गांव में पसरा मातम
देवबंद में शनिवार सुबह शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को सहारनपुर और मेरठ रेफर किया गया है।
आराम के लिए रुके थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र स्थित कुशावली गांव के करीब 18 लोग सात अक्टूबर को शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए गए थे। शनिवार सुबह लगभग सात बजे वे माता की ज्योत लेकर पैदल वापस लौट रहे थे। देवबंद में हाईवे के फ्लाईओवर पर श्रद्धालुओं ने कुछ देर आराम करने के लिए रस्सी का घेरा बनाया था। इसी दौरान पीछे से आए बर्तनों से लदे कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी।
चार की मौत, कई की हालत गंभीर
हादसे में रमेश (40), सागर (34), अमन (23) और सतेंद्र की जान चली गई। 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा गया।
चालक और परिचालक हिरासत में
सीओ अमित कुमार सिंह के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। कैंटर के चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर घटना की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
कुशावली गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व विधायक संगीत सोम ने घटना पर दुख जताया। वहीं, बजरंगदल के पूर्व नेता मिलन सोम घायलों के उपचार की व्यवस्था के लिए सहारनपुर पहुंचे।




