तेज हवाओं और बूंदाबांदी से बदला मौसम, दिन में धूप निकलने से मिली राहत; अब सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। गुरुवार से शुक्रवार दोपहर तक हुई बारिश के चलते कई इलाकों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। दिन के तापमान में करीब सात डिग्री तक की कमी आने से लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास हुआ। हालांकि, शुक्रवार दोपहर धूप निकलने के बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है।
अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री पर पहुंचा
बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया। अधिकतम तापमान करीब 34.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 27.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी घटकर 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। इससे पहले रात का तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था।
पिछले 24 घंटों में 2.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान वातावरण में नमी बढ़ने से आर्द्रता का अधिकतम स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंच गया। तेज हवाओं और रुक-रुककर हुई बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं मौसम में ठंडक भी बढ़ा दी।
मेरठ में अक्टूबर की सबसे ठंडी रात
मेरठ में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम स्तर बताया गया। इसके चलते गुरुवार की रात अक्टूबर की सबसे ठंडी रातों में शामिल रही।
शुक्रवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिन के मुकाबले दिन के तापमान में 4.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट आई। दिन और रात के तापमान सामान्य से क्रमशः 4.2 और 0.4 डिग्री नीचे रहे। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 76 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
अगले दिनों में फिर बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है। 22 अक्टूबर तक दिन का पारा करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
सुबह-शाम ठंडी हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद दिन में धूप निकलने की उम्मीद है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते सुबह, शाम और रात के समय सर्दी का एहसास बढ़ सकता है। ऐसे में तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस होगा।




