लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। नई तबादला सूची में पंचायती राज, चिकित्सा शिक्षा, भूतत्व एवं खनिकर्म, आवास विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके साथ ही जौनपुर और मऊ के मुख्य विकास अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है।
सरकार ने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के कुलसचिवों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। दोनों अधिकारियों के बीच पदों की अदला-बदली की गई है।

किस अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी
राकेश कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखनऊ के पद से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में अपर आयुक्त बनाया गया है।
नीरज शुक्ला को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अपर आयुक्त पद से हटाकर प्रबंध निदेशक, पीसीएफ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, डॉ. चंद्र भूषण को पीसीएफ के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है।
सचिन कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अपर निदेशक पद से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है।
जौनपुर और मऊ के सीडीओ भी बदले
ध्रुव खाडिया को मुख्य विकास अधिकारी, जौनपुर से स्थानांतरित कर सीडीओ, मऊ बनाया गया है। वहीं विवेक कुमार श्रीवास्तव, जो सीडीओ मऊ के पद पर तैनात थे, उन्हें प्रयागराज में राजस्व परिषद का सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है।
नरेंद्र बहादुर सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखीमपुर खीरी के पद से स्थानांतरित कर मुख्य विकास अधिकारी, जौनपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
पंचायती राज और पीसीडीएफ में भी बदलाव
श्रीहरि प्रताप शाही को यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद से हटाकर निदेशक, पंचायती राज बनाया गया है। वहीं अमित कुमार सिंह को निदेशक, पंचायती राज से स्थानांतरित कर प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ नियुक्त किया गया है।
प्रकाश बिन्दु को पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर सचिव, चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है।
भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में जिम्मेदारियां बदलीं
माला श्रीवास्तव के पदभार में भी बदलाव किया गया है। उनसे सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार हटा दिया गया है और वह अब केवल निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म के पद पर रहेंगी।
डॉ. उज्जवल कुमार को उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर विशेष सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म बनाया गया है।
वहीं जे. रीभा को विशेष सचिव एवं अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म के पद से स्थानांतरित कर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी दी गई है।
KGMU और AKTU के कुलसचिव बदले
सरकार ने उच्च शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े दो प्रमुख संस्थानों के कुलसचिवों की जिम्मेदारी भी बदल दी है। अर्चना गहरवार को KGMU के कुलसचिव पद से हटाकर AKTU का कुलसचिव बनाया गया है। वहीं रीना सिंह को AKTU के कुलसचिव पद से स्थानांतरित कर KGMU के कुलसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक फेरबदल के जरिए सरकार ने विभिन्न विभागों और जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की है। तबादला आदेश के तहत सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।




