मथुरा। वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद करीब तीन महीने से लापता चल रहा 16 वर्षीय युवक अनुज सिंह शनिवार देर रात बरसाना के श्रीलाडली जी मंदिर परिसर के पास मिल गया। हाथरस निवासी अनुज को पुलिस ने बरामद करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक संत की वेशभूषा में मिला है।
अनुज के लापता होने के बाद उसके परिजन उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए थे। शुक्रवार को परिजनों ने वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरना शुरू कर दिया था। उन्होंने जिला प्रशासन को युवक की तलाश के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया था। इसी बीच पुलिस की सक्रियता बढ़ने के बाद शनिवार देर रात अनुज के बरसाना में होने की जानकारी मिली।
लाडली जी मंदिर के पास मिला युवक
एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, वृंदावन से लापता हुआ युवक शनिवार देर रात बरसाना स्थित श्रीलाडली जी मंदिर परिसर के बाहर मिला। युवक संत की वेशभूषा में था। चूंकि उसकी गुमशुदगी का मामला हाथरस थाने में दर्ज है, इसलिए पुलिस ने उसे संबंधित पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बाद में परिजन अनुज को अपने साथ हाथरस ले गए।
पुलिस के अनुसार, अनुज मूल रूप से हाथरस का रहने वाला है और उसका ननिहाल वृंदावन के पानी गांव के पास है। करीब तीन महीने पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद वह अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था।
आश्रम के बाहर परिजनों ने दिया था धरना
अनुज की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। परिजनों ने शुक्रवार को आश्रम के बाहर धरना देकर जल्द युवक को बरामद करने की मांग की थी। शनिवार देर रात युवक के बरसाना में मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
आश्रम से जुड़ा दूसरा मामला भी चर्चा में
इसी बीच प्रेमानंद महाराज का आश्रम एक अन्य मामले को लेकर भी चर्चा में रहा है। 25 सितंबर को उनके परम शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक कुमार की अपार्टमेंट सोसाइटी की चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी। बताया गया था कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी थे। इस मामले की जांच अभी जारी है।
वहीं, तीन महीने से लापता अनुज के बरामद होने के बाद उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। पुलिस अब युवक के लापता होने के दौरान वह कहां रहा और किन परिस्थितियों में बरसाना पहुंचा, इसकी जानकारी जुटा रही है।




