फूलबाग से कोतवाली तक महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का संदेश, महापौर, पुलिस आयुक्त व महिला आयोग की सदस्य ने दिखाई हरी झंडी
महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण की शुरुआत हुई। इसके तहत फूलबाग चौराहे से कोतवाली तक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 900 लोगों ने भाग लिया। पदयात्रा के जरिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया शुभारंभ
पदयात्रा को महापौर प्रमिला पांडेय, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की छात्राओं के साथ पुलिस अधिकारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षक, मनोवैज्ञानिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
दस दिन तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके दौरान महिलाओं और छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकार की सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने और संबंधित एजेंसियों से मदद लेने के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भरता पर जोर
अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। पुलिस कमिश्नरेट विभिन्न विभागों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि महिलाओं तक सुरक्षा संबंधी जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। आयोजकों के मुताबिक, ऐसे प्रयास महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने और समाज में उनके सम्मान को मजबूत करने में मददगार होंगे।




