कानपुर। गोविंदनगर के दबौली वेस्ट से पांच दिन से लापता 23 वर्षीय एलएलबी छात्रा रुचि पाल उर्फ स्वाति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को उसका सड़ा हुआ शव कानपुर-झांसी रेलवे ट्रैक के किनारे करीब 15 फीट नीचे घनी झाड़ियों में मिला। शव मिलने के बाद परिजनों ने छात्रा के दोस्त ओमवीर यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर ओमवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रुचि दबौली वेस्ट निवासी चाय विक्रेता विमल कुमार पाल की बेटी थी और एलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, वह 28 सितंबर की शाम घर से निकली थी, जिसके बाद वापस नहीं लौटी। उसकी तलाश के दौरान पुलिस ने उसके दोस्त ओमवीर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के बाद उसे चौकी से छोड़ दिया गया।
चाचा को रेलवे ट्रैक के पास मिली चप्पल
शुक्रवार को रुचि के चाचा शैलेष रेलवे ट्रैक के आसपास उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक चप्पल पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास तलाश की गई। करीब 15 फीट नीचे झाड़ियों में रुचि का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण मौके पर ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों ने ओमवीर और उसके साथी पर रुचि की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक किनारे फेंकने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि छात्रा के लापता होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। हंगामे की सूचना पर एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ट्रेन चालक से भी हुई पूछताछ
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के समय रुचि अपने दोस्त ओमवीर से फोन पर बात कर रही थी। ओमवीर ने पुलिस को बताया कि उस समय वह लखनऊ में था। गोविंदनगर थाना प्रभारी अशोक दुबे के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान ओमवीर को ट्रेन की आवाज सुनाई दी थी। अचानक रुचि ने बातचीत बंद कर दी, जिसके बाद उसने मैसेज कर पूछा कि वह बात क्यों नहीं कर रही है। यह मैसेज छात्रा के मोबाइल में मिला है।
पुलिस ने उस समय रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेन के चालक से भी पूछताछ की। चालक ने बताया कि यदि युवती ट्रेन के सामने कूदी होती तो उसे दिखाई देती और ऐसी स्थिति में ट्रेन रोककर मेमो जारी किया जाता। हालांकि, पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि इंजन निकलने के बाद किसी डिब्बे से टकराने की स्थिति में चालक को घटना दिखाई न दी हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर छात्रा के दोस्त ओमवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छात्रा का पोस्टमार्टम पैनल से कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने में मदद मिलेगी।
पुलिस के अनुसार फिलहाल हत्या और हादसे, दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




