नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में महिला जवानों की सेवा के 40 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बल में लंबे समय से सेवाएं दे रहीं और वर्तमान में कार्यरत महिला जवानों के योगदान, साहस और समर्पण को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह और CRPF फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष महिला जवानों को सम्मानित करेंगी। यह आयोजन बल में महिलाओं की चार दशक लंबी सेवा और बदलती भूमिका को रेखांकित करेगा।

1986 में हुई थी महिला बटालियन की शुरुआत
CRPF ने वर्ष 1986 में अपनी पहली महिला कॉम्बैट बटालियन का गठन किया था। इसके बाद से बल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। आज महिला अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण दायित्वों को संभाल रही हैं।
वर्ष 2022 में पहली महिला बटालियन की दो अधिकारियों एनी अब्राहम और सीमा धुंदिया को महानिरीक्षक (IG) के पद पर पदोन्नति मिली। एनी अब्राहम को रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और सीमा धुंदिया को बिहार सेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में महिला अधिकारियों की कमान
CRPF में अब महिला अधिकारी जम्मू, कोबरा, रैपिड एक्शन फोर्स, पूर्वोत्तर, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभाल रही हैं।
IPS अधिकारी संजुक्ता पराशर ने भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए CRPF की जंगल युद्ध के लिए प्रशिक्षित कमांडो यूनिट कोबरा की पहली महिला प्रमुख बनने का गौरव हासिल किया।

छह पूर्ण महिला बटालियन तैनात
CRPF में वर्तमान में छह पूर्ण महिला बटालियन विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा क्षेत्रों में तैनात हैं। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स में 64 महिला टीमें भी कार्यरत हैं। प्रत्येक टीम में 24 महिला जवान शामिल हैं, जो भीड़ नियंत्रण और दंगा-रोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में भी महिला जवानों की भागीदारी बढ़ी है। बस्तरिया बटालियन सहित कई अभियानों में महिलाएं अग्रिम मोर्चे पर जिम्मेदारी निभा रही हैं।
CRPF के मुताबिक, महिला जवानों की भर्ती और उन्हें परिचालन जिम्मेदारियां देना सुरक्षा बलों में महिला सशक्तिकरण, समान अवसर और समावेशी भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा है। चार दशक का यह सफर सुरक्षा क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है।




