जापान। एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। दिन की शुरुआत एथलेटिक्स में सावन बरवाल के सिल्वर मेडल से हुई और इसके बाद शूटिंग, स्क्वाश और कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीते। महिला और पुरुष कबड्डी टीमों ने ईरान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने खिताबी मुकाबले में ईरान को 40-34 से मात दी। पुरुष टीम का यह एशियन गेम्स में नौवां कबड्डी गोल्ड मेडल है।
सावन बरवाल ने 44 साल का इंतजार खत्म किया
भारत के सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने 42.195 किलोमीटर की दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। इस पदक के साथ एशियन गेम्स की मैराथन स्पर्धा में भारत का 44 साल से चला आ रहा पदक का इंतजार खत्म हुआ। भारत ने इससे पहले 1982 में इस स्पर्धा में पदक जीता था।
शूटिंग में सिल्वर, चीन रहा शीर्ष पर
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन, विदर्शा विनोद कोचालुमकल और आशी चौकसे ने भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। भारतीय टीम ने क्वालिफिकेशन में कुल 1763 अंक हासिल किए। चीन ने 1773 अंक के साथ गोल्ड, जबकि कजाकिस्तान ने 1754 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
स्क्वाश में भारत को ब्रॉन्ज
स्क्वाश के मिश्रित युगल सेमीफाइनल में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी को हांगकांग के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ भारतीय जोड़ी को ब्रॉन्ज मेडल मिला। 40 वर्षीय जोशना का एशियन गेम्स में यह छठा पदक है।
वहीं, पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को हराकर फाइनल में जगह बनाई। महिला सिंगल्स में अनाहत सिंह ने जापान की सतोमी वातानाबे को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
बैडमिंटन में लक्ष्य सेन को झटका
बैडमिंटन में भारत को निराशा भी हाथ लगी। पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में लक्ष्य सेन को मलेशिया के लोह कीन यू के खिलाफ 12-21, 21-15, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के भी टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने के बाद भारतीय बैडमिंटन अभियान को झटका लगा।
भारत की पदक संख्या 28 पहुंची
सातवें दिन के मुकाबलों के बाद भारत के खाते में कुल 28 पदक हो गए हैं। इनमें 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज शामिल हैं। पदक तालिका में चीन शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि जापान और दक्षिण कोरिया भी शीर्ष स्थानों में शामिल हैं। भारत ने कबड्डी के दोनों स्वर्ण पदकों के साथ दिन का अभियान शानदार अंदाज में समाप्त किया।




