प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ, लोक भवन में सीएम योगी प्रतीकात्मक रूप से लाभार्थियों को देंगे चेक
लखनऊ। दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित करेंगे। इससे प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
यह राशि आधार-प्रमाणित बैंक खातों में भेजी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक भी प्रदान करेंगे। इसके साथ ही वह प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देंगे और संबोधित करेंगे।
आधार से जुड़े खातों में पहुंचेगी सब्सिडी
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को रसोई गैस पर सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। उत्तर प्रदेश में इस बार 1,500 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा रही है। सरकार के अनुसार, डीबीटी के जरिए पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचेगा, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
लोक भवन में होगा मुख्य समारोह
सब्सिडी हस्तांतरण का मुख्य कार्यक्रम मंगलवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी देंगे।
समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को राहत
सरकार का कहना है कि इस सब्सिडी से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र उज्ज्वला परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। दीपावली के अवसर पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता परिवारों के रसोई खर्च को कम करने में मददगार होगी।
कार्यक्रम के जरिए सरकार उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने के साथ त्योहार के मौके पर महिलाओं और उनके परिवारों को राहत देने का संदेश भी देगी।




