कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जनादेश का अपमान करने का लगाया आरोप, आज गाजियाबाद में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में होंगे शामिल
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी दल देश के लोकतंत्र को अराजकता और अस्थिरता की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता लगातार कांग्रेस और इंडी गठबंधन को नकार रही है, लेकिन विपक्ष जनादेश का सम्मान करने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली गतिविधियों में जुटा है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि लोकतंत्र जनता के विश्वास, संवैधानिक मर्यादाओं और जनादेश के सम्मान पर आधारित है। यही भारत की राष्ट्रीय शक्ति का आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल देश में अव्यवस्था और अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
गाजियाबाद में पदयात्रा में शामिल होंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वह गुरुवार को गाजियाबाद में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक मर्यादाओं के सम्मान और जनादेश की सर्वोच्चता का संदेश दिया जाएगा।
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का किया आह्वान
सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर राजनीतिक विरोध के नाम पर अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनादेश का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।




