क्राइम सीन रिक्रिएशन की तैयारी, फॉरेंसिक और मेडिकोलीगल विशेषज्ञों की मदद से मौत की परिस्थितियों का पता लगाएगी जांच टीम
लखनऊ। कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में हजरतगंज पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर की संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कई बैंकों से तीनों के खातों का ब्योरा मांगा है। इससे पहले श्रद्धा की फरारी के दौरान पुलिस ने उसके एक एसबीआई खाते को फ्रीज कराया था, जिसमें करीब छह लाख रुपये जमा बताए गए थे। एक अन्य बैंक खाते को सहारनपुर पुलिस ने फ्रीज कराया था।
संपत्तियों और बैंक खातों की जांच
पुलिस अब श्रद्धा दुबे की रायबरेली समेत अन्य शहरों में स्थित संभावित संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस मामले में कथित मददगार आमिर समेत अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है।
जेल में अधिवक्ता ने की मुलाकात
शिवा शर्मा की मौत के मामले में हजरतगंज पुलिस ने शुक्रवार को श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर को जेल भेजा था। श्रद्धा और रश्मि को महिला जेल में रखा गया है, जबकि तनवीर को अलग रखा गया है। चार दिन बाद श्रद्धा के अधिवक्ता उनसे मिलने जेल पहुंचे। जेल के मुलाकाती कक्ष में नियमानुसार जाली के जरिए मुलाकात कराई गई। इस दौरान अधिवक्ता ने मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर दोनों से बातचीत की।
बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान तनवीर भावुक होकर रोने लगा। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इसी सप्ताह क्राइम सीन रिक्रिएशन की तैयारी
पुलिस इस सप्ताह घटना का क्राइम सीन रिक्रिएशन कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की ओर से मेडिकोलीगल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तैयार की जा रही है। जांच में क्राइम सीन रिक्रिएशन और फॉरेंसिक रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। इनके जरिए पुलिस घटना की परिस्थितियों और शिवा की मौत के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश करेगी। फिलहाल, हत्या या आत्महत्या समेत मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
9 अक्टूबर की रात अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी मौत
बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद 9 अक्टूबर की रात चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज के कपूरथला क्षेत्र में रहते थे। वह करीब एक साल से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने और माफिया व कई नामचीन लोगों से धमकी दिलवाने के आरोप लगाए थे। उनकी शिकायत पर हजरतगंज कोतवाली में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद श्रद्धा और उसकी बहन समेत अन्य आरोपी फरार हो गए थे। मामले में पुलिस अब मौत की परिस्थितियों, आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।




