कुशीनगर: जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। शिवपुर गांव क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिन-रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान SDRF ने 200 लोगों और 80 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

कई गांवों में तैनात हैं SDRF की टीमें
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए SDRF की सी टीम की दो टुकड़ियां शिवपुर गांव क्षेत्र के हरिपुरा मरच्छावा, नारायणपुर, बसई ग्राम सभाओं और सलिकपुर चौकी क्षेत्र में तैनात की गई हैं। टीमें बाढ़ में फंसे लोगों और उनके पशुओं को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।
दो टीमों ने मिलकर किया 280 का रेस्क्यू
उपनिरीक्षक अंकित विश्वकर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने 18 पुरुषों, 20 महिलाओं, 34 बच्चों और 24 मवेशियों को सुरक्षित निकाला। वहीं, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश यादव के नेतृत्व वाली दूसरी टीम ने 32 पुरुषों, 48 महिलाओं, 48 बच्चों और 56 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से 200 लोगों और 80 मवेशियों का रेस्क्यू किया। बचाए गए लोगों में 50 पुरुष, 68 महिलाएं और 82 बच्चे शामिल हैं।
रात में भी जारी रहा बचाव अभियान
SDRF की टीमों ने रात में भी अभियान जारी रखा। रात्रिकालीन रेस्क्यू के दौरान 53 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें छह पुरुष, 15 महिलाएं और 32 बच्चे शामिल हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में SDRF की टीमें लगातार निगरानी के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। दिन-रात चल रहे अभियान से बाढ़ में फंसे लोगों के साथ उनके मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है।




