अमरोहा। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर-बिझलपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर का पाइप फटने से रसोई में आग लग गई। गैस रिसाव के बाद अचानक उठी आग की लपटों से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय आवासीय परिसर में 100 से अधिक छात्राएं मौजूद थीं।
आग लगने की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने दमकल विभाग को जानकारी दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले विद्यालय में मौजूद छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी छात्राओं को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रसोईया झुलसी, अस्पताल में भर्ती
हादसे के दौरान रसोई में खाना बना रहीं रसोईया गीता रानी आग की चपेट में आने से झुलस गईं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। आग से रसोई में रखा सामान और अन्य सामग्री भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय में मौजूद सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जांच में जुटे अधिकारी
आग पर काबू पाने के बाद विद्यालय प्रबंधन और दमकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया गैस सिलेंडर का पाइप फटना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




