व्हाट्सऐप के जरिए परिजनों तक पहुंचाई आपबीती, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को कराया मुक्त; एसपी सिटी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
अलीगढ़ में तीन तलाक और हलाला से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति और देवरों पर तीन तलाक देने के बाद उसे दोबारा निकाह के नाम पर बंधक बनाने और जबरन हलाला कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, कई दिनों तक उसे प्रताड़ित किया गया। किसी तरह उसने व्हाट्सऐप के जरिए अपने परिजनों को संदेश भेजकर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, बन्नादेवी थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला का निकाह भुजपुरा क्षेत्र निवासी मोहम्मद आरिफ से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर महिला को परेशान किया जाता रहा। इस संबंध में बन्नादेवी थाने में शिकायत भी की गई थी और बाद में मामला अदालत तक पहुंच गया।
समझौते के बाद फिर शुरू हुआ विवाद
पीड़िता के परिवार के मुताबिक, अदालत में मामला लंबित रहने के दौरान आरिफ और उसके परिजनों ने माफी मांगते हुए समझौता किया। इसके बाद महिला को ससुराल में अलग मकान में रखा गया। आरोप है कि कुछ समय बाद आरिफ ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि वह उसे तीन तलाक दे चुका है। इसके बाद महिला पर दोबारा निकाह के लिए हलाला कराने का दबाव बनाया गया।
देवर के साथ निकाह कराने का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरिफ के भाइयों असलम, आदिल और आरिश ने उसे बंधक बनाकर रखा और प्रताड़ित किया। महिला का दावा है कि करीब 15 दिन बाद एक मौलवी को बुलाकर आदिल के साथ उसका जबरन निकाह कराया गया। आरोप है कि इसके बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रहा और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
आधी रात को व्हाट्सऐप से मांगी मदद
पीड़िता के अनुसार, 9 सितंबर की रात करीब 2:15 बजे उसे मौका मिला तो उसने अपनी बहन और दुबई में रह रहे भाई को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर मदद मांगी। संदेश मिलने के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम भुजपुरा स्थित मकान पर पहुंची और ताला खोलकर महिला को बाहर निकाला। परिजनों के मुताबिक, उस समय महिला की हालत बेहद खराब थी।
एसपी सिटी ने दिए जांच के निर्देश
मामले को लेकर करणी सेना के कुछ पदाधिकारी भी पीड़िता और उसके परिजनों के साथ एसपी सिटी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आदित्य बंसल के अनुसार, महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय पुलिस को निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीड़िता ने अपने पति आरिफ और देवर आदिल, असलम व आरिश के खिलाफ शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




