लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुधवार को बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन ने 11 जिलों के पुलिस कप्तानों को बदलने के साथ ही दो अपर पुलिस महानिदेशकों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया है। अपर पुलिस महानिदेशक ए. सतीश गणेश से एडीजी अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वह एडीजी यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनसे वापस लिया गया एडीजी अपराध का प्रभार भगवान एस. श्रीवास्तव को सौंपा गया है। भगवान एस. श्रीवास्तव के पास तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।
तबादला सूची में बस्ती, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर, बाराबंकी, जालौन, बागपत और मथुरा समेत कई जिलों के पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
इन आईपीएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को जौनपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक पीएसी मुख्यालय भेजा गया है। वहीं लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी रवीना त्यागी को बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज भेजा गया है। बलिया के एसपी ओमवीर सिंह को बस्ती का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है। मऊ के एसपी कमलेश बहादुर को पुलिस अधीक्षक लोक शिकायत, मुख्यालय डीजीपी लखनऊ भेजा गया है।
गाजीपुर के एसपी ईरज राजा को बलिया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है।
04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
बागपत के एसपी सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। आजमगढ़ में एसपी ग्रामीण चिराग जैन को बरेली का एसपी नगर बनाया गया है, जबकि बरेली के एसपी नगर मानुष पारीक को आजमगढ़ का एसपी नगर बनाया गया है।
हरदोई में सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा की जिम्मेदारी दी गई है। डीजीपी के स्टाफ ऑफिसर पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
आजमगढ़ के एसपी नगर मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं मथुरा के एसपी सुरेश चन्द्र रावत को जालौन का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इस तबादला फेरबदल के जरिए प्रदेश के कई जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव किया गया है।




