मुख्यमंत्री ने पूछा- नौकरी के लिए सिफारिश, रिश्वत या धौंस का सहारा तो नहीं लिया? बोले- बिना भेदभाव और लेन-देन के जारी रहेगी भर्ती प्रक्रिया
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस बल में चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उनसे तीन सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना सिफारिश, पक्षपात और रिश्वत के नौकरी देने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
सीएम योगी ने अभ्यर्थियों से पूछे तीन सवाल
मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या नौकरी पाने के लिए किसी को सिफारिश लगवानी पड़ी? क्या किसी स्तर पर पैसे का लेन-देन हुआ या किसी ने रिश्वत देने का प्रस्ताव रखा? उन्होंने तीसरा सवाल करते हुए पूछा कि क्या किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र हासिल करने की कोशिश की?
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी बात पर तो उन्हें खुद भी विश्वास नहीं होता। उन्होंने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धनतेरस के दिन यह उपलब्धि उनके और उनके परिवारों के लिए विशेष खुशी का अवसर है।
बिना सिफारिश और रिश्वत के जारी रहेगी भर्ती
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर नौकरी देने की व्यवस्था मजबूत हुई है। अब भर्ती प्रक्रिया में सिफारिश, पक्षपात और रिश्वत की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को नौकरी देने का अभियान बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके लगातार चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ नियुक्ति पत्र भविष्य में तीसरी बार सरकार बनने पर वितरित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
25 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का भी एलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही 25 हजार शिक्षकों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी मेहनत का सम्मान मिलना चाहिए और उन्हें पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
मेहनत और योग्यता से मिला अवसर: सुरेश खन्ना
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा की जिम्मेदारी हासिल करना कई युवाओं का सपना होता है, लेकिन सभी को यह अवसर नहीं मिल पाता। चयनित अभ्यर्थियों को बिना सिफारिश और पक्षपात के अपनी योग्यता के आधार पर यह अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि यह चयन युवाओं के लिए संदेश है कि कठिन परिश्रम और लगन से मनचाहा परिणाम हासिल किया जा सकता है।




