कन्हौली गांव के पास शनिवार शाम करीब 7 बजे हुई घटना, कार सवार शव फेंककर रामलक्षन चौराहे की ओर फरार
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक युवती का शव चलती कार से सड़क किनारे फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार शाम करीब सात बजे रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार मौके पर आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने युवती का शव सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद कार सवार रामलक्षन चौराहे की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर युवती की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती की उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है। उसने सलवार-सूट पहन रखा था और उसके शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान भी मिले हैं।
रातभर पहचान कराने में जुटी रही पुलिस
युवती की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार देर रात तक पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाती रही। रविवार सुबह भी शिनाख्त कराने के प्रयास जारी रहे, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो सकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच से जुड़ी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
कार सवारों की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
पुलिस अब युवती की पहचान के साथ-साथ उस कार और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटी है। घटना के पीछे हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सड़क किनारे से युवती का शव बरामद किया गया है। शिनाख्त कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। वहीं, रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवती की पहचान करना और शव को मौके पर फेंककर फरार हुए कार सवारों तक पहुंचना है।




