मकान के अंदर जमीन खोदने पर निकली नोटों की गड्डियां, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया; रकम की गिनती और पूछताछ जारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मकान के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए नोटों से भरे कई ड्रम मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमीन की खुदाई में नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। सूत्रों के हवाले से बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों के मुताबिक, नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम स्पष्ट हो सकेगी।
यह मामला बरईपुर रामनगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। बुधवार शाम पुलिस ने सूचना के आधार पर संबंधित मकान की घेराबंदी कर कार्रवाई की। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर मकान के अंदर जमीन की खुदाई कराई गई, जहां एक के बाद एक कई ड्रमों में रखे नोट बरामद हुए। बड़ी संख्या में नकदी देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
नोटों की गिनती के लिए बुलाई गई टीम
नकदी की बरामदगी के बाद पुलिस ने नोटों की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। देर रात तक करीब चार करोड़ रुपये से अधिक की रकम गिने जाने की जानकारी सामने आई थी। शेष नकदी की गिनती और बरामद रकम के स्रोत की जांच जारी रही। पुलिस अधिकारी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं।
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के अनुसार, बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम की सही जानकारी दी जा सकेगी। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से नकदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुणे की फर्म से रुपये लाने का दावा
सूत्रों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति कुछ वर्ष पहले पुणे में एक फर्म में काम करता था। दावा किया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह कथित तौर पर बोरियों में रखी नकदी लेकर वहां से चला आया था। गांव लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और नकदी को ड्रमों में भरकर मकान के अंदर जमीन में दबा दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पड़ोसी पट्टीदार से विवाद के बाद जमीन में नकदी दबाकर रखने की बात पुलिस तक पहुंची। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की। हालांकि, नकदी के स्रोत और पुणे की फर्म से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर जुटी भीड़, जांच में जुटी पुलिस
मकान की चारों ओर से घेराबंदी कर पुलिस की कार्रवाई शुरू होने पर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जमीन के नीचे से नोटों से भरे ड्रम निकलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। फिलहाल पुलिस बरामद रकम की गिनती करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से आई और इसे जमीन के अंदर छिपाकर रखने के पीछे क्या कारण था।




