पश्चिमी यूपी में आज बूंदाबांदी के आसार, पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना; लखनऊ में सुबह धुंध और दिन में साफ रहेगा आसमान
उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप से गर्मी का अहसास बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना है।
28 और 29 अक्टूबर को तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया समेत आसपास के जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। 29 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भी हो सकती है बारिश
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर सहित कई जिलों में भी बारिश के आसार हैं।
लखनऊ में सुबह धुंध, दिन में धूप
राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध छाने के बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में धूप तेज रह सकती है, जबकि शाम के समय मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।
मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और तेज हवाओं के समय सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। बारिश और तापमान की स्थिति जिले के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।




