गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश, अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई और जरूरतमंदों के इलाज में मदद के दिए आदेश
शारदीय नवरात्र और विजयादशमी के कार्यक्रमों में लगातार व्यस्त रहने के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों तक पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए कहा कि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो और किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय न होने पाए।
अवैध कब्जों पर सख्ती, जमीन विवादों का निष्पक्ष समाधान
मुख्यमंत्री ने जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निस्तारण पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के साथ किया जाए। यदि जमीन-जायदाद का विवाद पारिवारिक हो, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाए।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जो पात्र लोग किसी कारण से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, उन्हें योजनाओं से जोड़कर लाभ दिलाया जाए।
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उपचार के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े खर्च का अनुमान (एस्टीमेट) तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, ताकि सहायता मिलने में अनावश्यक देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों से आयुष्मान कार्ड के बारे में भी जानकारी ली। जिन लोगों के पास कार्ड नहीं था, उनके कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें मन लगाकर पढ़ने की सीख दी और चॉकलेट देकर स्नेह व आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गोशाला में गोवंश को खिलाई रोटी-गुड़
बुधवार सुबह अपनी नियमित दिनचर्या के तहत मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला पहुंचे। वहां उन्होंने गोवंश को दुलारा, उनके माथे पर हाथ फेरा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। मंदिर परिसर में परिवार के साथ आए बच्चों से भी उन्होंने आत्मीयता से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और खूब पढ़ने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं तथा चिकित्सा सहायता का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।




