महाअष्टमी के दिन कपड़े का नाप लेने के बहाने बुलाने गई थी बच्ची, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में नवरात्र की महाअष्टमी के दिन एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कपड़े सिलने का काम करने वाले एक दर्जी ने छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची को कमरे में बंद कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची जब घर पहुंची तो उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। परिजनों के पूछने पर उसने आपबीती बताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामला गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के पिता ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर दूसरी कॉलोनी में रहने वाला 47 वर्षीय जमशेद आलम घर आकर महिलाओं के कपड़े सिलता था। दीपावली से पहले परिवार को कपड़े सिलवाने थे। इसी सिलसिले में बच्ची को दर्जी को बुलाने के लिए भेजा गया था।
आरोप है कि रविवार शाम करीब छह बजे बच्ची के आरोपी के पास पहुंचने पर उसने उसे कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर बाद जब छात्रा घर लौटी तो वह घबराई हुई थी। उसकी हालत देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। पूछताछ करने पर बच्ची ने घटना की जानकारी दी।
शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता ने तिवारीपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। सोमवार को सूचना के आधार पर जमशेद आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया।
तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास सिंह के मुताबिक, मामले की सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
अश्लील हरकत के आरोप में एक अन्य युवक गिरफ्तार
इसी बीच गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में महिलाओं को देखकर अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान डिभिया गांव निवासी 19 वर्षीय आदित्य जायसवाल के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि जमानतीय अपराध होने के कारण उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।




