सीएम योगी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, बैठक में जुटे तीन हजार से अधिक पदाधिकारी; संगठन की मजबूती, सरकारी योजनाओं और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच गए हैं। यहां वह उत्तर प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया। बारिश के बीच भाजपा नेताओं और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शाह का स्वागत किया गया।
डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक का शुभारंभ अमित शाह ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंथन किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश के सांसदों, विधायकों और पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों समेत तीन हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठक के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
पंकज चौधरी बोले- कार्यकर्ता पार्टी की असली पूंजी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में उन्होंने स्वागत भाषण दिया। पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने का काम बूथ स्तर के कार्यकर्ता करते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पूंजी हैं।
उन्होंने कहा कि बूथ को मजबूत करते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुंचना होगा। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटने की जरूरत है। उन्होंने 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है।
2027 के चुनाव को लेकर नेताओं ने रखी बात
अमित शाह के दौरे और कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा नेताओं में उत्साह दिखाई दिया। बैठक से पहले कई नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राय रखी। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दोहराया।
दो दिवसीय दौरे पर हैं अमित शाह
अमित शाह का यह दौरा प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। कार्यसमिति की बैठक के जरिए पार्टी आगामी चुनाव से पहले संगठन की तैयारियों, बूथ स्तर पर सक्रियता और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम करेगी।




