लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान भिड़े समर्थक, अजय राय के समर्थन में नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नए नेतृत्व के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान रविवार को पार्टी कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा उर्फ मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान कार्यकर्ताओं के दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के साथ जूते-चप्पल चलने लगे। करीब 10 मिनट से अधिक समय तक चले हंगामे से पार्टी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने की भी खबरें सामने आईं।
अजय राय के समर्थकों की नारेबाजी से बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यालय में नए पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अजय राय के समर्थक नारेबाजी करने लगे। इस पर आराधना मिश्रा के समर्थकों ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मौके पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के साथ जूते-चप्पल चलने लगे।
बताया जा रहा है कि एक महिला कांग्रेस नेता और अजय राय के बीच हुई कहासुनी के बाद भी माहौल तनावपूर्ण हुआ। स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, इस घटनाक्रम ने प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बीच अंदरूनी खींचतान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हुए अजय राय
नए पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शामिल नहीं हुए। इसे लेकर जब कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व अध्यक्ष के शामिल होने की कोई परंपरा नहीं रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय में अजय राय से कार्यभार ले लिया गया है।
इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए जिम्मेदारी सौंपी है और उनका प्रयास इस विश्वास पर खरा उतरना होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और बदलाव के लिए काम करने की बात कही। साथ ही इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा।
नवरात्र के पहले दिन आराधना मिश्रा ने संभाली कमान
पार्टी कार्यालय में हंगामे के बीच नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा उर्फ मोना ने रविवार को नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया है। आराधना मिश्रा को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2023 से प्रदेश अध्यक्ष थे अजय राय
अजय राय को 17 अगस्त 2023 को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह करीब तीन साल तक इस पद पर रहे। उनसे पहले बृजलाल खाबरी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
नए नेतृत्व के गठन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुए हंगामे ने संगठन के भीतर समन्वय और एकजुटता को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अब देखना होगा कि नया नेतृत्व कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत कर आगामी चुनावों के लिए संगठन को किस तरह एकजुट करता है।




