देवरिया। लार थाना क्षेत्र के भीखमछपरा गांव में आरएसएस कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी (50) की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आने पर लार थानाध्यक्ष राकेश सिंह समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, निर्भय कुमार को लार थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
घटना के बाद शुक्रवार को डीआईजी एस. चनप्पा ने एसपी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक की पत्नी अमृता देवी की तहरीर पर छह नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं।
स्पीड ब्रेकर को लेकर हुआ था विवाद
रक्शा ग्राम पंचायत के भीखमछपरा टोला निवासी रामेश्वर तिवारी आरएसएस के समरसता प्रमुख थे। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को घर के सामने रास्ते पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान लाठी-डंडों से हमला कर रामेश्वर तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने डीआईजी को यह भी बताया कि आरोपियों से पैतृक भूमि के ऊपर से तार ले जाने को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का मनोबल बढ़ा और बाद में उन्होंने रामेश्वर तिवारी पर हमला कर दिया।
थानेदार समेत चार पर कार्रवाई
हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। एसपी ने प्रथमदृष्टया लार थानाध्यक्ष राकेश सिंह, दरोगा राममूरत, बीट आरक्षी प्रीतम भारती और चंद्रभान को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका और लापरवाही की जांच भी की जा रही है।
छह नामजद, 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
रामेश्वर तिवारी की पत्नी की तहरीर पर संजय तिवारी, दीपक तिवारी, प्रांजल तिवारी, अभिनित तिवारी, आदित्य तिवारी और निखिल तिवारी को नामजद किया गया है। इनके अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीआईजी बोले- दोषी पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि मारपीट की घटना में रामेश्वर तिवारी की मौत हुई है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।




