मथुरा। वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे स्थित एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद उनके एक शिष्य की मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक कुमार उर्फ रसिक दुलारी के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में चौथी मंजिल से गिरने की घटना सामने आई है। हालांकि, मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
दीपक की मौत की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह उनके परिजन जबलपुर से वृंदावन पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि आश्रम के सेवादारों ने उन्हें प्रेमानंद महाराज से मिलने नहीं दिया। उनका यह भी कहना है कि करीब दो साल से उन्हें दीपक से फोन पर बातचीत करने का अवसर नहीं मिला था।
परिजनों के मुताबिक, जून में भी वे दीपक से मिलने वृंदावन आए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। फरवरी 2025 में दीक्षा लेने के बाद दीपक ने पारिवारिक जीवन छोड़ दिया था और आश्रम में सेवा कार्य में लगे हुए थे। बताया गया है कि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करते थे।
चोट के निशानों से बढ़ा संदेह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर चौथी मंजिल से गिरने को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन शरीर पर मिले चोट के निशानों के कारण पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीओ सदर संदीप कुमार सिंह के मुताबिक, 25 सितंबर की सुबह सर्वोदय अस्पताल से घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मीडिया से विस्तृत बातचीत करने से इनकार करते हुए आश्रम में मुलाकात नहीं होने की बात कही।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




