शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तमंचे बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कैराना क्षेत्र के ग्राम बरनावी के जंगल में एक ट्यूबवेल पर चल रही इस फैक्ट्री से पुलिस ने 21 बने हुए और 19 अधबने तमंचों के साथ हथियार बनाने के उपकरण व अन्य सामान बरामद किया है। मौके से बरनावी निवासी हारून को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आगामी चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से अवैध हथियार तैयार कर उनकी आपूर्ति करने का आरोप है।
सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कैराना पुलिस ने बरनावी के जंगल में छापा मारा। यहां ट्यूबवेल पर अवैध रूप से तमंचे बनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से हथियारों का जखीरा और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें व उपकरण बरामद किए।
तमंचों के साथ बड़ी संख्या में पुर्जे बरामद
पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में 315 बोर के 12 तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा और 12 बोर की एक पोनिया बंदूक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हथियारों के अन्य हिस्से और अधबने तमंचे भी मिले हैं।
मौके से 315 बोर की 13 नाल, 12 बोर की 10 नाल, 15 अधबनी बट-बॉडी, 12 ट्रिगर, 20 छोटी-बड़ी स्प्रिंग, 19 लोहे के रिवेट, पांच लोहे की गुटकी और सात पिन बरामद किए गए। इसके अलावा लकड़ी का एक बड़ा बंदूक बट भी मिला है।
हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी, रेती, हथौड़े और अन्य उपकरणों को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हारून के खिलाफ कैराना थाने में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में आर्म्स एक्ट, 2017 में हत्या के प्रयास और 2021 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस अब अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां-कहां भेजे जाने थे और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गोरखपुर में भी पकड़ी गई थी अवैध हथियार फैक्ट्री
उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले 11 अक्टूबर को देवरिया पुलिस ने गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के टमठा गांव में चल रही कथित अवैध तमंचा फैक्ट्री का खुलासा किया था। उस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से तीन कट्टे, पाइप, मशीनें और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, देवरिया जिले में गश्त के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ने के बाद तमंचे की बरामदगी हुई थी। पूछताछ में उसके तमंचा बेचने जाने की बात सामने आई थी। इन घटनाओं के मद्देनजर पुलिस अवैध हथियारों के निर्माण और उनकी आपूर्ति करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही है।




