मेरठ। कर्तव्य निभाते हुए शहादत देने वाले मेरठ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार की वीरता को प्रदेश सरकार ने सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में इंस्पेक्टर सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को वीरता पुरस्कार प्रदान किया। सुनील कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे और शामली के झिंझाना क्षेत्र में बदमाशों से हुई मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद शहीद हो गए थे।
चार बदमाशों को किया था ढेर
20 जनवरी 2025 की मध्यरात्रि में एसटीएफ मेरठ की टीम की शामली के चौसाना क्षेत्र में गंगोह मार्ग पर कार सवार बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में मुनीम काला गैंग का एक लाख रुपये का इनामी शूटर अरशद मारा गया था। मुठभेड़ में सोनीपत निवासी मंजीत उर्फ बिल्ला उर्फ जुबैर, करनाल निवासी सतीश और मनवीर भी मारे गए थे।
मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार को तीन गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन बाद उनकी मौत हो गई। सरकार ने उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र और वीरता पुरस्कार के लिए नामित किया था।
बेटे ने कहा- पिता पर हमेशा रहेगा गर्व
पुरस्कार मिलने के बाद शहीद इंस्पेक्टर के बेटे मंजीत ने कहा कि उन्हें अपने पिता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर किए। परिवार के लिए यह सम्मान गर्व और भावुकता का क्षण है। मंजीत ने कहा कि वह भी भविष्य में अपने पिता की तरह देश और समाज की सेवा करना चाहते हैं।
दरोगा मुन्नेश सिंह को भी वीरता पदक
समारोह में मेरठ के दरोगा मुन्नेश सिंह को भी राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। जनवरी 2023 में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार लूटकर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान दरोगा मुन्नेश सिंह के सीने में गोली लगी थी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
करीब दो महीने तक उपचार के बाद वह स्वस्थ हुए। पुलिस ने बदमाशों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के चार दिन बाद पुलिस कार्रवाई में आरोपी विनय वर्मा मारा गया, जबकि उसके दो साथियों अनुज और नरेश के पैर में गोली लगी थी।
कर्तव्य के दौरान साहस और अदम्य वीरता दिखाने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है।



