एक सप्ताह में पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश
सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण सम्पन्न
लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने इस उद्देश्य से विकसित नवीन पोर्टल को Go-Live किए जाने की सहमति प्रदान कर दी है।
सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पोर्टल के प्रोसेस फ्लो का प्रस्तुतिकरण किया गया और मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए आवेदन, सत्यापन तथा कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो दिखाया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
एक सप्ताह में पूरा करना होगा विवरण अपलोड करने का कार्य
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को इस सुविधा का शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए संबंधित विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस कार्य की प्रगति से मुख्यालय को अवगत कराया जाए, ताकि मुख्यालय स्तर पर आगे की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




